खरसावां महिला फुटबॉल एकेडमी के लिए लगा ट्रायल
कैंप 50 खिलाड़ियों ने लिया भाग, महिला फुटबॉल लीग का आयोजन
जिले के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण पहल है-मो दिलदार
Kharsawan
सरायकेला-खरसावां जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सौजन्य से महिला फुटबॉल एकेडमी, खरसावां के लिए एक दिवसीय ट्रायल कैंप का आयोजन किया गया। यह कैंप सरायकेला स्थित भगवान बिरसा मुंडा स्टेडियम में संपन्न हुआ, जिसमें जिले की लगभग 50 महिला फुटबॉल खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

ट्रायल कैंप का उद्घाटन करते हुए डीएसए सचिव मोहम्मद दिलदार ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य जिले की महिला खिलाड़ियों को संगठित कर एक सशक्त मंच प्रदान करना है, ताकि उन्हें राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। उन्होंने बताया कि सरायकेला-खरसावां जिले में पहली बार महिला फुटबॉल लीग का आयोजन किया जा रहा है, जो जिले के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस आयोजन को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला और सभी ने महिला फुटबॉल को आगे बढ़ाने की इस पहल की सराहना की।

जानकारी के अनुसार, प्रस्तावित महिला फुटबॉल लीग के लिए पांच टीमों का गठन कर लिया गया है, जबकि मार्च माह में जिले की छह प्रसिद्ध टीमों के बीच लीग मैचों का आयोजन किया जाएगा। इससे महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। ट्रायल कैंप के सफल आयोजन में खरसावां महिला फुटबॉल क्लब के सचिव पिनाकी रंजन, प्रशिक्षक संजय सुंडी, विजय दिग्गी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मौके पर वीरेन पॉल, कुश मिंज, देवा नायक, सुरेश महतो, दिकू माझी सहित कई खेल प्रेमी एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।
