17वीं झारखंड राज्य क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप में जिले की महिला ग्रुप टीम बनी उपविजेता,
Seraikella
सरायकेला। लातेहार के महुआटांड़ में 17वीं झारखंड राज्य क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। जिसमें सरायकेला-खरसावां जिला एथलेटिक्स टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। इसमें जिले की महिला ग्रुप टीम चैंपियनशिप की उपविजेता बनी। उक्त जानकारी देते हुए जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव सिकंदर महतो ने बताया कि जिले की टीम ने महिला वर्ग के 10 किलोमीटर दौड़ में पानो बास्के कांस्य पदक हासिल किया। वहीं आगामी 24 जनवरी को रांची में आयोजित होने वाली नेशनल क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप के लिए जिले के तीन एथलीटों का चयन हुआ। जिसमें महिला वर्ग के 10 किलोमीटर दौड़ में पानो बास्के एवं नलिता सिंह मुंडा तथा अंडर-20 बालक वर्ग 8 किलोमीटर दौड़ में मुकेश कुमार का चयन हुआ है। सिकंदर महतो ने बताया कि टीम के बेहतर प्रदर्शन में डाटम के लक्ष्मण महतो का सराहनीय सहयोग रहा। जिले की टीम की सफलता पर जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष विष्णु नारायण सिंह, करमू मंडल सहित अन्य सभी पदाधिकारी ने सभी खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
