मनोहरपुर, गोइलकेरा व आनंदपुर में खिलाड़ियों के लिए आवासीय प्रशिक्षण केंद्र खोलने की मांग,-विधायक जगत माझी ने सदन में उठाया मामला, मंत्री ने जवाब में कहा प्रस्ताव प्राप्त होने पर आनंदपुर में करेंगे क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्र का अधिष्ठापन
Manoharpur
मनोहरपुर : स्थानीय विधायक जगत माझी ने स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर सुविधा के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए आवासीय या डे-बोर्डिंग प्रशिक्षण केंद्र खोलने की मांग की है। इसे लेकर विधायक ने विधानसभा में बजट सत्र के दौरान सरकार से कई मुद्दों को लेकर प्रश्न किये। विधायक ने सरकार से कहा कि पश्चिमी सिंहभूम जिला के मनोहरपुर, आनन्दपुर और गोईलकेरा प्रखण्ड क्षेत्र में एथलेटिक्स, हॉकी, फुटबॉल खेल में स्थानीय प्रतिभावान खिलाड़ियों ने सिर्फ राज्य ही नहीं देश में भी अपना सफल प्रतिनिधित्व किया है। लेकिन स्थानीय खिलाड़ियों के लिए आवासीय या डे-बोर्डिंग प्रशिक्षण केन्द्र का सुविधा उपलब्ध नहीं कराया गया है। विधायक के प्रश्न पर उत्तर देते हुए विभागीय मंत्री ने कहा है कि खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखण्ड, रांची के पत्रांक-102, दिनांक- 19.02.2026 द्वारा प्रतिवेदित किया गया है कि कार्यालय आदेश संख्या-121, दिनांक 05.01.2024 द्वारा मनोहरपुर प्रखण्ड में ईश्वर पाठक उच्च विद्यालय अंतर्गत फुटबॉल (बालक एवं बालिका) के-बोर्डिंग क्रीड़ा प्रशिक्षण केन्द्र अधिष्ठापित करने की स्वीकृति दी गई। उक्त प्रशिक्षण केन्द्र में प्रशिक्षक की नियुक्ति की स्वीकृति के संबंध में कार्रवाई की जा रही है। वहीं गोईलकेरा प्रखण्ड में एथलेटिक्स डे-बोर्डिंग क्रीड़ा प्रशिक्षण केन्द्र के अधिष्ठापन हेतु जिला खेल पदाधिकारी, चाईबासा के पत्रांक-508/खे०, दिनांक 06.12.2025 द्वारा प्रस्ताव प्राप्त है। विभागीय अधिसूचना संख्या-05, दिनांक-28.03.2023 द्वारा गठित विभागीय अनुशंसा समिति की आगामी बैठक में उक्त प्रशिक्षण केन्द्र के अधिष्ठापन के प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा। साथ ही आनन्दपुर प्रखंड में क्रीड़ा प्रशिक्षण केन्द्र के अधिष्ठापन के संबंध में प्रस्ताव प्राप्त होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकेगी।
