झारखंड के राज्यपाल ने XLRI में किया डूरंड कप 2025 की ट्रॉफी का अनावरण
Jamshedpur जमशेदपुर : राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने XLRI सभागार में डूरंड कप 2025 ट्रॉफी अनावरण समारोह में शिरकत की।उन्होंने इसे झारखंड के लिए गौरव का क्षण बताया. कहा कि डूरंड कप जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का हिस्सा बनना झारखंड की खेल संस्कृति के लिए मील का पत्थर साबित होगा। डूरंड कप केवल एक फुटबॉल टूर्नामेंट नहीं, बल्कि भारत की ऐतिहासिक खेल विरासत का प्रतीक है। इस वर्ष इसके कुछ मैच झारखंड में खेले जाने हैं। यह हमारे राज्य के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।

गली-कूचों से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक
यह आयोजन न केवल खेल भावना को प्रोत्साहित करेगा, बल्कि पर्यटन, स्थानीय व्यवसाय और युवाओं के मनोबल को भी सशक्त बनाएगा। उन्होंने कहा कि फुटबॉल एक ऐसा खेल है जो गली-कूचों से निकलकर स्टेडियम और फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का सपना जगाता है। यह खेल अवसरों की समानता का प्रतीक है। जो ग्रामीण और शहरी, सभी पृष्ठभूमियों के युवाओं को एक समान मंच प्रदान करता है।

झारखंड की मिट्टी में है खेल का संस्कार
झारखंड की मिट्टी में खेलों का संस्कार है। राज्य के अनेक गांवों में बच्चे बड़े उत्साह से फुटबॉल व अन्य खेलों में भाग लेते हैं. पीएम मोदी के नेतृत्व में देश में खेल के क्षेत्र में अनेक क्रांतिकारी पहल शुरू की गई है। ‘खेलो इंडिया’, ‘टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (TOPS)’ जैसी योजनाएं विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं। उन्होंने हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा पारित ‘राष्ट्रीय खेल नीति 2025’ को एक दूरदर्शी कदम बताते हुए कहा कि यह नीति भारत को वैश्विक खेल महाशक्ति बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
