गुदड़ी के राजगांव में महिला फुटबॉल में संत अगस्तीन एवं पुरूष हॉकी में ओजी मिलन क्लब बना विजेता, ग्रामीण क्षेत्रों में खेल आयोजन से खिलाड़ियों को मिलता है मंच: जोबा माझी
Sonuva
सोनुवा: गुदड़ी प्रखंड के सुदूर राजगांव में झामुमो प्रखंड कमेटी की ओर से वीर शहीद देवेंद्र माझी मेमोरियल पांच दिवसीय महिला फुटबॉल एवं पुरूष हॉकी प्रतियोगिता का बुधवार को समापन हुआ। समापन सह पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जगत माझी उपस्थित रहे।

महिला फुटबॉल का फाइनल मुकाबला संत अगस्तीन गुदड़ी एवं जीलब जोलोब पंडुवा के बीच खेला गया। निर्धारित समय में दोनों टीम गोल नहीं कर पाई। जिसके बाद पेनाल्टी शूट कराया गया जिसमें संत अगस्तीन की टीम विजेता बनी। महिला विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ नगद दस हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया।

वहीं पुरूष हॉकी का फाइनल ओजी मिलन क्लब ओलोंगेर और जीईएलबीके जूनियर के बीच खेला गया। पेनाल्टी शूट में ओजी मिलन क्लब विजेता बना। विजेता टीम को पंद्रह हजार रुपये एवं ट्रॉफी तथा उप विजेता दस हजार रुपये के साथ ट्रॉफी प्रदान किया गया।
इससे पूर्व सांसद और विधायक ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए सांसद जोबा माझी ने कहा ग्रामीण क्षेत्रों में खेल के आयोजन से खिलाड़ियों को प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को हर संभव मदद का आश्वासन देते हुए कहा खेल के क्षेत्र में भी कैरियर बनाया जा सकता है। सांसद ने खेल के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी को सुखद बताया। वहीं विधायक जगत माझी ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस मौके पर कमरोडा के मुखिया दाउद बरजो, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सुनील बुढ़, मानकी बिरसा बरजो, गुदड़ी थाना प्रभारी सुदर्शन मिंज, रोलेन बरजो, अकबर खान, जेवियर केसरा, प्रेमचंद लोमगा, जोसेफ लोमगा, विल्सन बरजो, गोसनर बरजो समेत बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।
