सरायकेला विधानसभा क्षेत्र में अवैध टोल वसूली को लेकर उठी आवाज, मरम्मत तक टोल टैक्स बंद करने की मांग
Seraikela
सरायकेला विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत राज्य राजमार्ग पर अवैध रूप से टोल टैक्स वसूले जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में विधायक प्रतिनिधि संजय कुमार आचार्य द्वारा उपायुक्त, सरायकेला–खरसावां को पत्र लिखकर गंभीर आपत्ति जताई गई है और सड़क की मरम्मत पूर्ण होने तक टोल टैक्स पर रोक लगाने की मांग की गई है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि चौका से चाईबासा मार्ग के बीच राज्य राजमार्ग पर तीन टोल ब्रिज—निदीवेड़ा, कांडू और सांगाजाटा—स्थित हैं। इन टोल ब्रिजों से प्रतिदिन लाखों लोग आवागमन करते हैं और टोल टैक्स के रूप में भारी-भरकम राशि वसूली जाती है। बावजूद इसके, बरसात के मौसम की समाप्ति के बाद भी संबंधित एजेंसी द्वारा सड़क की समुचित मरम्मत नहीं कराई गई, जिससे सड़क की स्थिति अत्यंत जर्जर हो गई है।
खराब सड़कों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। कई लोगों की असमय मौत हो चुकी है, अनेक परिवार उजड़ गए हैं और कई बच्चे अनाथ हो गए हैं। कहीं किसी का सिर से साया छिन गया तो कहीं किसी की जिंदगी हमेशा के लिए तबाह हो गई। इस स्थिति से स्थानीय जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है।
विधायक प्रतिनिधि ने पत्र में स्पष्ट रूप से कहा है कि जब तक सड़क की पूरी तरह से मरम्मत नहीं हो जाती, तब तक संवैधानिक रूप से टोल टैक्स की वसूली अनुचित है। उन्होंने मांग की है कि पथ निर्माण विभाग को निर्देश देकर सड़क मरम्मत कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए और तब तक उक्त तीनों टोल ब्रिजों को टोल टैक्स मुक्त घोषित किया जाए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि खराब सड़क और टोल टैक्स की दोहरी मार से आम जनता परेशान है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर क्या कदम उठाता है और जनता को कब राहत मिलती है।
