*जिला परिवहन पदाधिकारी के नेतृत्व में ट्रेनिंग स्कूल, सिनी गुरुकुल में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के अंतर्गत चालक परामर्श कार्यक्रम का हुआ आयोजन.
Seraikella
सरायकेला-खरसावां जिले में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के तहत सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन को बढ़ावा देने तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूकता सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आज ट्रेनिंग स्कूल, सिनी गुरुकुल में चालक परामर्श (Driver Counselling) कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में कुल 70 प्रशिक्षु चालक शामिल हुए। इस अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी एवं सड़क सुरक्षा टीम द्वारा प्रशिक्षु चालकों को यातायात नियमों के शत-प्रतिशत अनुपालन, रक्षात्मक (Defensive) ड्राइविंग, वाहन की नियमित फिटनेस जांच, निर्धारित गति सीमा के पालन, नशामुक्त वाहन संचालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग तथा सड़क दुर्घटनाओं से बचाव हेतु आवश्यक सावधानियों के संबंध में स्पष्ट, व्यवहारिक एवं उद्देश्यपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा अपने संबोधन में यह स्पष्ट किया गया कि सड़क सुरक्षा केवल व्यक्तिगत विषय नहीं, बल्कि सामूहिक सामाजिक दायित्व है। सभी प्रशिक्षु चालकों को निर्देशित किया गया कि वे प्रशिक्षण के उपरांत यातायात नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें तथा सुरक्षित ड्राइविंग को अपनी दैनिक आदत में शामिल करें।
यह कार्यक्रम राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के उद्देश्यों के अनुरूप जिले में अनुशासित एवं जिम्मेदार चालक तैयार करने, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा सुरक्षित परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रभावी पहल है।
