कुचाई के मरागंहातु, पोडाकाटा, कुजांडीह व पुराना कुचाई
में आयुष जागरूकता अभियान के तहत नुक्कड नाटक के माध्यम से
आयुष चिकित्सा पद्धति को जन-जन तक पहुंचाने का दिया संदेश,
kuchai
सरायकेला खरसावां जिला आयुष समिति के निदेशानुसार छऊ नृत्य कला केन्द्र खरसावां एवं लो कला मंच खरसावां के द्वारा कुचाई प्रखंड के पुराना कुचाई, मरागंहातु, पोडाकाटा एवं कुजांडीह गांव में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कलाकारों द्वारा नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। इस दौरान कलाकारों ने प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से लोगों को आयुष मंत्रालय द्वारा संचालित आयुष चिकित्सा पद्धति के महत्व और लाभों की जानकारी दी।

नाटक के माध्यम से आयुर्वेद, योग, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी जैसी पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। कलाकारों ने बताया कि आयुष पद्धति न केवल रोगों के उपचार में सहायक है, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। कार्यक्रम में ग्रामीणों की अच्छी-खासी भीड़ जुटी। कलाकारों ने संवाद, गीत और संदेशपरक प्रस्तुति के जरिए बताया कि छोटी-मोटी बीमारियों में आयुष चिकित्सा लाभकारी साबित हो सकती है तथा नियमित योग और संतुलित आहार से कई रोगों से बचाव संभव है।

कलाकारो ने बताया कि सरायकेला खरसावां जिला में 12 आयुष चिकित्सा केन्द्र संचालित है। ग्रामीण इसका लाभ ले सकते है। वे सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध आयुष सेवाओं का लाभ उठाएं और प्राकृतिक चिकित्सा पद्धतियों को अपनाकर स्वस्थ जीवन की ओर कदम बढ़ाएं। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिया गया यह संदेश ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बना रहा और लोगों ने इस पहल की सराहना की।
