राजनगर के नामीबेडा, मगरकेला, गम्हारिया व छोटा
कादला में कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को संतुलित खान-पान, स्वस्थ जीवनशैली, योग और व्यायाम अपनाने का संदेश,
Rajnagar
स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, झारखंड सरकार के निर्देशानुसार सरायकेला खरसावां जिला आयुष समिति के सौजन्य से राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत जिले के विभिन्न प्रखंडों में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में राजनगर प्रखंड के नामीबेडा एवं मगरकेला गांव में छऊ नृत्य कला केंद्र तथा गम्हारिया और छोटा कादला गांव में लोक कला मंच के कलाकारों ने संगीत, नृत्य और नाटक के माध्यम से आयुष चिकित्सा पद्धति के प्रति लोगों को जागरूक किया।

कार्यक्रम के दौरान आयुर्वेद, होम्योपैथिक, यूनानी चिकित्सा पद्धति, प्राकृतिक चिकित्सा, सिद्ध और योग के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई। कलाकारों ने नाटक के जरिए यह संदेश दिया कि आधुनिक जीवनशैली के कारण लोग कई बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं, जबकि प्रकृति में अनेक रोगों का उपचार मौजूद है। इसके बावजूद लोग रासायनिक दवाओं पर अधिक निर्भर हो रहे हैं, जिससे अन्य समस्याएं भी जन्म ले रही हैं। नाटक के माध्यम से लोगों को संतुलित खान-पान, स्वस्थ जीवनशैली, योग और व्यायाम अपनाने का संदेश दिया गया। इस दौरान जिला आयुष विभाग सरायकेला-खरसावां द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की भी जानकारी दी गई। इनमें वयोमित्र योजना, करुणा योजना, आयुष ग्राम कैंप, औषधीय पौधा वितरण योजना, गैर-संचारी रोग जांच एवं प्रकृति परीक्षण सहित अन्य कार्यक्रम शामिल हैं। कार्यक्रम में ग्रामीणों की अच्छी खासी भीड़ देखी गई और लोगों ने इन योजनाओं के प्रति गहरी रुचि दिखाई।
