कुचाई में “सशक्त पंचायत नेत्री अभियान” के तहत तीन
दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न, स्थानीय सुशासन और उससे परे
महिला नेतृत्व को सशक्त बनाना उद्देश्य-गुड्डी देवी
Kuchai
कुचाई प्रखंड मुख्यालय में “सशक्त पंचायत नेत्री अभियान” विषय पर आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का सफल समापन हो गया। पंचायत राज विभाग द्वारा नामित संस्था पॉजिटिव मंत्रा कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से आयोजित इस प्रशिक्षण में कुचाई प्रखंड की विभिन्न पंचायतों की सभी महिला वार्ड सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कुचाई प्रमुख गुड्डी देवी ने कहा कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य “स्थानीय सुशासन और उससे परे महिला नेतृत्व को सशक्त बनाना” रहा, जिसके तहत महिला प्रतिनिधियों को निर्णय लेने की क्षमता, आत्मविश्वास और प्रशासनिक समझ विकसित करने पर विशेष बल दिया गया।

जबकि ब्लॉक कोऑर्डिनेटर पंकज कुम्हार ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल पंचायत संचालन की जानकारी देना नहीं, बल्कि महिलाओं को स्थानीय सुशासन से आगे बढ़कर प्रभावी नेतृत्व के लिए तैयार करना है। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं प्रशासनिक प्रक्रियाओं, योजनाओं के क्रियान्वयन और वित्तीय प्रबंधन की जानकारी से सशक्त होंगी, तब पंचायत स्तर पर विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित होगी। इस प्रकार के प्रशिक्षण से महिला जनप्रतिनिधियों की प्रशासनिक दक्षता बढ़ेगी और वे अपने क्षेत्र की समस्याओं के समाधान में अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकेंगी। उन्होंने प्रतिभागियों से भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी की अपील की। शिविर में प्रशिक्षक की भुमिका निभाते हुए खरसावां मुखिया सुनीता तापे, सुखमति माडी ने पंचायत संचालन की प्रक्रिया, सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन, अभिलेख संधारण, सामाजिक अंकेक्षण, बजट प्रबंधन एवं नेतृत्व कौशल जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। जिन्होंने प्रतिभागियों को व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान किया। इस दौरान मुख्य रूप से कुचाई प्रमुख गुड्डी देवी, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर पंकज कुम्हार, प्रशिक्षक सुनीता तापे, सुखमति माडी सहित विभिन्न पंचायतों की सभी महिला वार्ड सदस्य उपस्थित थे।
