गुदड़ी प्रखंड में नेटवर्क की सुविधा नहीं, विधायक ने सदन में उठाया मामला-नेटवर्क नहीं होने के कारण सोनुवा से संचालित हो रहा प्रखंड कार्यालय, ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने में होती है परेशानी,
Seraikella
सोनुवा : मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र अन्तर्गत गुदड़ी प्रखंड में मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट की सुविधा नहीं होने के कारण वहां के ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने में कई कठिनाईयों का सामना करना पड़ता है। इसे लेकर शुक्रवार को स्थानीय विधायक जगत माझी ने झारखंड विधानसभा में बजट सत्र के दौरान मामले को उठाते हुए सरकार से गुदड़ी प्रखंड में नेटवर्क की व्यवस्था करने की मांग की है। विधायक ने सदन में कहा कि गुदड़ी प्रखंड कार्यालय का संचालन नेटवर्क नहीं होने के कारण दूसरे प्रखंड सोनुवा से किया जा रहा है। जिससे स्थानीय जनता को प्रखंड में चल रही योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। विधायक ने सदन के माध्यम से सरकार से मांग करते हुए कहा कि गुदड़ी प्रखंड में नेटवर्क की व्यवस्था की जाए, ताकि स्थानीय जनता को अपने प्रखंड से ही आवश्यक सेवाएं मिल सकें।

–नेटवर्क नहीं होने से ऑनलाइन कार्य होते है प्रभावित
गुदड़ी प्रखंड पहाड़ और जंगलों से घिरा हुआ है। हाल के कुछ वर्षाें में यहां सड़क, पुल, पुलिया के निर्माण के अलावा बिजली और पेयजल जैसी सुविधाओं में सुधार हुआ है। लेकिन मोबाइल कनेक्टिविटी और इंटरनेट की सुविधा नहीं होने कारण प्रखंड कार्यालय से ऑनलाइन कार्य समय पर नहीं हो पाते है। जिससे आम लोगों के साथ सरकारी कर्मचारियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। गुदड़ी प्रखंड में छह पंचायत बांदु, बिरकेल, डारियो कमरोड़ा, गुलीकेरा, कमरोड़ा व टोमडेल है। लेकिन कुछ एक गांव और पहाड़ी पर जाने पर ही नेटवर्क मिल पाता है। बिरकेल पंचायत का गुदड़ी गांव जहां प्रखंड सह अंचल कार्यालय और थाना संचालित है वहां मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट की सुविधा नहीं है।
