अज्ञात वाहन की टक्कर से टेंपो पलटने से चालक गंभीर रूप से हुआ घायल।
Seraikella
सरायकेला: सरायकेला थाना अंतर्गत सरायकेला-कांड्रा मुख्य मार्ग पर दुगनी स्थित पुलिस लाइन के समीप बुधवार की सुबह एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक टेंपो पलट गया।दुर्घटना में टेंपो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे स्थानीय लोगों और एंबुलेंस की मदद से सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 7:00 बजे गम्हरिया निवासी 35 वर्षीय मुकेश दास अपना टेंपो लेकर गम्हरिया से सरायकेला की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दुगनी स्थित आर्मी कैंप के समीप पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो सड़क पर ही पलट गया, जबकि टक्कर मारने वाला वाहन मौके से फरार होने में सफल रहा। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। टेंपो पलटने के कारण चालक मुकेश दास के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद घायल को सदर अस्पताल, सरायकेला में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि सरायकेला-कांड्रा मुख्य मार्ग पर सुबह के समय वाहनों की रफ्तार तेज रहती है, जिसका खामियाजा अक्सर छोटे वाहन चालकों को भुगतना पड़ता है।
