समाहरणालय भवन स्थित विभिन्न कार्यालयों का उपायुक्त ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार के निमित्त सम्बन्धित पदाधिकारियों को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश,
Seraikella
जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह द्वारा आज समाहरणालय भवन स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न कार्यालयों में नगर पालिका (आम) निर्वाचन–2026 से संबंधित गठित कोषांगों के कार्यों एवं नियमित कार्यालयीय कार्यों की भी समीक्षा की गई।

निरीक्षण के क्रम में कार्यालयों में साफ-सफाई की स्थिति, पंजियों एवं अभिलेखों के संधारण, प्रकाश एवं पंखों की व्यवस्था, पर्दों की स्थिति तथा समग्र कार्यालयीन व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। उपायुक्त द्वारा सभी कार्यालयों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने, अनावश्यक रूप से रखे गए कचरे का समुचित निष्पादन, कार्यालयों मे डस्टबिन की व्यवस्था, टूटे हुए खिड़कियों की मरम्मति, पर्दों की समुचित व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा पंजियों एवं अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव के लिए सम्बन्धित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त समाहरणालय भवन को अधिक आकर्षक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से समृद्ध स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से स्थानीय छऊ कला पर आधारित पेंटिंग कराए जाने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान समाहरणालय सभागार, समाहरणालय परिसर स्थित शौचालयों तथा समाहरणालय भवन की छत का भी अवलोकन किया गया। सभी स्थानों पर समुचित साफ-सफाई बनाए रखने, आवश्यक मरम्मति कार्य शीघ्र पूर्ण करने तथा भवन की संरचनात्मक स्थिति पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

साथ ही सभी कार्यालयों में सुरक्षात्मक दृष्टिकोण से सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पंखों की सुचारू व्यवस्था तथा कर्मियों एवं आगंतुकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक आधारभूत सुविधाएँ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
औचक निरीक्षण के क्रम में सामान्य शाखा, विधि शाखा, निर्वाचन शाखा, स्थापना शाखा, भू-अर्जन कार्यालय, जिला कल्याण शाखा, जिला समाज कल्याण शाखा, अभिलेखागार (रिकॉर्ड रूम), कोषागार, सामाजिक सुरक्षा शाखा, जिला योजना शाखा, जिला शिक्षा विभाग, परिवहन विभाग, पंचायती राज विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, निबंधन कार्यालय, विशेष प्रमंडल, नजरात एवं आपूर्ति शाखा, जल छाजन सहित अन्य संबंधित कार्यालयों का निरीक्षण किया गया।
उपायुक्त द्वारा सभी संबंधित पदाधिकारियों को कार्यालयीन अनुशासन, स्वच्छता, निर्वाचन से संबंधित दायित्वों के समयबद्ध निर्वहन तथा नियमित कार्यालयीय कार्यों में गुणवत्ता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण क्रम में उपायुक्त के साथ मुख्य रुप से उप विकास आयुक्त सुश्री रीना हांसदा, उप निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्री सुरेंद्र उराव, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी श्री अविनाश कुमार उपस्थित रहें,
