गणतंत्र दिवस पर आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने बिरसा मुंडा स्टेडियम का किया निरीक्षण,
Seraikella
सरायकेला।गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायक ने बिरसा मुंडा स्टेडियम का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में मुख्य समारोह का फाइनल रिहर्सल भी कराया गया। रिहर्सल के दौरान परेड में शामिल विभिन्न प्लाटूनों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों ने अनुशासन, तालमेल एवं प्रस्तुति की सराहना की। उन्होंने परेड को और अधिक सुसंगठित एवं आकर्षक बनाने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने मंच, ध्वनि व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात एवं आमंत्रित अतिथियों की व्यवस्था से संबंधित तैयारियों की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस का जिला स्तरीय समारोह गरिमामय, भव्य एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।
