खरसावां के आकर्षणी में पान (तांती) समाज का वार्षिक
मिलन समारोह संर्पन्न, अधिकारों को लेकर उठी आवाज, सामाजिक
विकास के कार्यों में समाज के साथ खड़े रहेंगे-सोनाराम
Kharsawan
खरसावां के आकर्षणी मंदिर परिसर में कोल्हान प्रमंडल पान (तांती) समाज कल्याण समिति की खरसावां-कुचाई इकाई द्वारा वार्षिक मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष निरंजन तांती ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत समाज के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक मुकुंदराम तांती की तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ किया। इसके पश्चात समाज से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज को संगठित करना, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा नई पीढ़ी को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना रहा। मौके पर समाज के केंद्रीय अध्यक्ष मोतीलाल दास ने कहा कि पान (तांती) समुदाय अनुसूचित जाति वर्ग में शामिल है। लेकिन सरकारी अभिलेखों में कागजी त्रुटियों के कारण तांती उपनाम रखने वाले कई लोग आज भी आरक्षण एवं सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि पान और तांती एक ही जाति के अंग हैं, इसलिए दोनों को समान रूप से संवैधानिक लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने राज्य सरकार से दस्तावेजी विसंगतियों को शीघ्र दूर करने की मांग की। जबकि संस्थापक उमाकांत दास ने कहा कि समाज लंबे समय से अपनी जायज़ मांगों को लेकर संघर्ष करता आ रहा है। यदि सरकार ने इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए तो समाज को चरणबद्ध आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा। उन्होंने समाज के लोगों से संगठित और जागरूक रहने की अपील की। कार्यक्रम में शामिल जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि समाज के कागजी विसंगतियों को दूर कराने के लिए वे हरसंभव सहयोग करेंगे तथा सामाजिक विकास के कार्यों में भी समाज के साथ खड़े रहेंगे। वही निरंजन तांती ने कहा कि किसी भी समाज की उन्नति शिक्षा, जागरूकता और एकता से ही संभव है। उन्होंने आपसी मतभेद भुलाकर समाजहित में कार्य करने का आह्वान किया। इस दौरान मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मंच पर पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान अभिभावकों एवं समाज के लोगों ने बच्चों की शिक्षा में हरसंभव सहयोग देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन समाज की एकजुटता, अधिकारों की लड़ाई और शिक्षा को बढ़ावा देने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। समारोह में केंद्रीय महासचिव हरिश चंद्र भंज, उपाध्यक्ष चुलने दंडपाट, नागेंद्र तांती, प्रवक्ता जगदीश दास, दिलीप तांती, देवीलाल तांती, रोहित दास, श्रीकांत दास, अर्जुन मल्लिक, परमेश्वर तांती, सुशील तांती, उपेंद्र तांती, अनोज दास, शरद पान, राहुल तांती, शिल्पा दास, लक्ष्मी तांती, बनीता तांती, प्रतिमा तांती सहित समाज के अनेक लोग उपस्थित थे।
