गोड़ सेवा संघ द्वारा 23 जनवरी को आदित्यपुर आसंगी मैदान में 35 वां होगा संकल्प दिवस समारोह
Adityapur
सरायकेला। गोड़ सेवा संघ द्वारा आगामी 23 जनवरी को आदित्यपुर स्थित आसंगी मैदान में 35वां संकल्प दिवस समारोह भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। इसको लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। गोड़ सेवा संघ सरायकेला-खरसावां जिला अध्यक्ष मुरली प्रधान ने बताया कि यह आयोजन समाज की एकता, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से किया जा रहा है।
जिला अध्यक्ष मुरली प्रधान ने कहा कि संकल्प दिवस गोड़ समाज के लिए ऐतिहासिक महत्व रखता है। यह दिन समाज को अपनी पहचान, संस्कृति और अधिकारों के प्रति जागरूक करता है। उन्होंने बताया कि समारोह में समाज के वरिष्ठ जनों, युवाओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
कार्यक्रम की शुरुआत पूर्वाह्न 11 बजे झंडोत्तोलन से होगी। इसके बाद दोपहर 12 बजे सामाजिक परिचर्चा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा। अपराह्न 3 बजे अतिथियों का संबोधन एवं अपराह्न 5 बजे समाज के वरिष्ठजनों को सम्मानित किया जाएगा।
मुरली प्रधान ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री सह सरायकेला विधानसभा क्षेत्र के विधायक चंपई सोरेन को आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा समाज के कई गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रहेगी।