केरल अंतर्राष्ट्रीय नृत्य महोत्सव में सरायकेला छऊ नृत्य की गूंज, कलाकारों ने बढ़ाया जिले का मान
Seraikella
सरायकेला के स्थानीय संस्था आचार्य छऊ नृत्य विचित्रा के कलाकार केरल की राजधानी त्रिवेंद्रम (तिरुवनंतपुरम) में आयोजित केरल अंतर्राष्ट्रीय नृत्य महोत्सव 2026 में सरायकेला छऊ नृत्य की भव्य प्रस्तुति दे रहे हैं। इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर झारखंड की लोक-संस्कृति को विशेष पहचान मिल रही है।

संस्था के सह-निर्देशक रंजीत आचार्य ने बताया कि केरल सरकार द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित महोत्सव में लगातार चार दिनों तक सरायकेला छौ नृत्य की प्रस्तुति की जा रही है। कार्यक्रम में देश-विदेश के नामी-गिरामी कलाकार भाग ले रहे हैं, जिनके बीच सरायकेला छौ नृत्य दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

आचार्य छौ नृत्य विचित्रा के कलाकार सतीश मोदक के नेतृत्व में छौ नृत्य का शानदार प्रदर्शन किया जा रहा है। दल में राजेश कुमार गोप, चंद्र नारायण मोहंती, विश्वनाथ कुंभकार, सतीश मोदक एवं गोविंद महतो शामिल हैं। कलाकारों की भाव-भंगिमा, पारंपरिक वेशभूषा और सजीव अभिनय की दर्शकों ने खूब सराहना की।
चार दिनों तक चलने वाले इस अंतर्राष्ट्रीय महोत्सव में सरायकेला छौ नृत्य की प्रस्तुति को लेकर दर्शकों में खास उत्साह देखने को मिल रहा है। इस उपलब्धि से न केवल संस्था बल्कि पूरे सरायकेला-खरसावां जिले का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है।
