राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के अंतर्गत सड़क सुरक्षा पतंग जागरूकता एवं नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम का हुआ आयोजन,- घोड़ा बाबा मंदिर परिसर, गम्हरिया में लोगों को यातायात नियमों के प्रति किया गया जागरूक…*
Seraikela
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के अंतर्गत जिला प्रशासन द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में दिनांक 15 जनवरी, 2026 को घोड़ा बाबा मंदिर के समीप आयोजित मेले में आए लोगों के बीच सड़क सुरक्षा पतंग जागरूकता कार्यक्रम एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता अभियान चलाया गया।

कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों की महत्ता, सुरक्षित वाहन संचालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन तथा नशे की अवस्था में वाहन नहीं चलाने जैसे महत्वपूर्ण संदेश दिए गए। उपस्थित लोगों से अपील की गई कि सड़क सुरक्षा का पालन सबसे पहले स्वयं से प्रारंभ करें तथा अपने परिवारजनों एवं मित्रों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करे।

इस अवसर पर आमजन के बीच सड़क सुरक्षा से संबंधित पंपलेट का वितरण किया गया तथा सभी को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। साथ ही घोड़ा बाबा मंदिर के निकट पतंग उड़ाकर सड़क सुरक्षा का संदेश दिया गया, जिससे लोगों के बीच सकारात्मक एवं रचनात्मक तरीके से जागरूकता फैलाई जा सके।

कार्यक्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो, मोटरयान निरीक्षक दिलीप कुमार, सड़क सुरक्षा टीम के सदस्य तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी उपस्थित पदाधिकारियों एवं नागरिकों द्वारा सड़क सुरक्षा नियमों के पालन का संदेश जनसामान्य तक पहुँचाया गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा आमजन से अपील की गई कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर स्वयं को एवं दूसरों को सुरक्षित रखें तथा सुरक्षित, जिम्मेदार एवं अनुशासित यातायात व्यवहार को अपनाएँ।
