खरसावां में बिरसा हरित ग्राम योजना पर रिफ्रेशर प्रशिक्षण, 2026-27 में 1500 एकड़ मनरेगा, 1500 एकड़ जेएसएलपीएस से बागवानी, 225 एकड़ में तसर वृक्षारोपण का लक्ष्य,
Kharsawan
जिला ग्रामीण विकास शाखा, सरायकेला खरसावां की ओर से बिरसा हरित ग्राम योजना (बीएचजीवाई), पोषण वाटिका, दीदी बगिया एवं गुड गवर्नेंस विषय पर रिफ्रेशर प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। गुरुवार को खरसावां प्रखंड सभागार में आयोजित इस प्रशिक्षण में खरसावां, सरायकेला, राजनगर, कुचाई एवं गम्हरिया प्रखंड के पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल हुए।

प्रशिक्षण शिविर में मुख्य रूप से उपस्थित प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रधान माझी ने कहा कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य वित्तीय वर्ष 2026-27 में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, लक्ष्य निर्धारण, प्रगति समीक्षा तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करना है। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को योजना के तकनीकी, प्रशासनिक एवं मॉनिटरिंग से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की अद्यतन जानकारी दी गई। कार्यक्रम में मनरेगा के प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, कनीय अभियंता, सहायक अभियंता, बीपीएम (जेएसएलपीएस) सहित संबंधित कर्मियों की सक्रिय भागीदारी रही। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि प्रशिक्षण के उपरांत वे पंचायत स्तर पर भी संबंधित कर्मियों को प्रशिक्षित करें, ताकि योजना का लाभ गांव-गांव तक पहुंचाया जा सके। जानकारी के अनुसार, बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत वर्ष 2026-27 में जिले को 1500 एकड़ भूमि पर मनरेगा के माध्यम से तथा 1500 एकड़ में जेएसएलपीएस के माध्यम से बागवानी विकास का लक्ष्य दिया गया है। इसके अलावा 225 एकड़ में तसर वृक्षारोपण का भी लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विभागीय निर्देशानुसार लाभुकों के चयन में स्वयं सहायता समूहों को प्राथमिकता दी जाएगी। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए समन्वित प्रयास करने एवं प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
