कदमा मरीन ड्राइव पर जगन्नाथ मंदिर की आधारशिला, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रखा शिलान्यास,
Jamshedpur
जमशेदपुर: शहर के कदमा मरीन ड्राइव में आज ऐतिहासिक क्षण देखने को मिला, जब देश की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रस्तावित जगन्नाथ मंदिर की आधारशिला रखी। वैदिक मंत्रोच्चार और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शिलान्यास कार्यक्रम संपन्न हुआ।

राष्ट्रपति हवाई मार्ग से जमशेदपुर पहुंचीं, जहां सोनारी हवाई अड्डे पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद वे सड़क मार्ग से कदमा मरीन ड्राइव स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचीं।

इस अवसर पर राज्यपाल संतोष गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तथा केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान भी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए।

अपने संबोधन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि महाप्रभु जगन्नाथ चराचर जगत के स्वामी हैं और जमशेदपुर में बनने वाले इस मंदिर पर उनकी विशेष कृपा बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि उनकी शिक्षा-दीक्षा भुवनेश्वर में हुई है और वे बचपन से श्री जगन्नाथ मंदिर, पुरी जाती रही हैं। ऐसे में जमशेदपुर में जगन्नाथ मंदिर की आधारशिला रखना उनके लिए विशेष और भावनात्मक क्षण है। उन्होंने कहा कि अब महाप्रभु जगन्नाथ भी झारखंडी कहलाएंगे।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंदिर निर्माण ट्रस्ट का आभार जताते हुए कहा कि यह पहल सामाजिक समरसता की दिशा में एक सकारात्मक कदम है। उन्होंने बताया कि यहां एक आध्यात्मिक केंद्र भी विकसित किया जाएगा, जो दो वर्षों में बनकर तैयार होगा, जबकि मुख्य मंदिर के चार वर्षों में पूर्ण होने का लक्ष्य है।

मंदिर का निर्माण श्री जगन्नाथ स्पिरिचुअल एंड कल्चरल ट्रस्ट द्वारा कराया जाएगा। कदमा मरीन ड्राइव पर बनने वाला यह जगन्नाथ मंदिर न केवल आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि सामाजिक सौहार्द और सांस्कृतिक एकता का भी सशक्त संदेश देगा।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे और पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया।
