जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा एक दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित,
Seraikella
सरायकेला-खरसावां। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सरायकेला-खरसावां द्वारा माननीय श्री रमाशंकर सिंह, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-cum-अध्यक्ष, डीएलएसए सरायकेला के मार्गदर्शन में एक दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न पंचायतों, प्रखंडों तथा थाना स्तर पर तैनात पैरा लीगल वॉलंटियर्स (पीएलवी) तथा अधिकार मित्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।
पीएलवी की भूमिका न्याय तक पहुंच का महत्वपूर्ण माध्यम — पीडीजे
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने संबोधित करते हुए कहा कि पीएलवी समाज के उन वर्गों तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं जो सामाजिक व आर्थिक रूप से पिछड़े हैं। उन्होंने कहा कि “पीएलवी हमारी न्यायिक प्रणाली का वह मजबूत कड़ी हैं जिनके माध्यम से विधिक जागरूकता गाँव-गाँव तक पहुँचती है।”

अच्छे सामरीटन की भूमिका पर विस्तृत जानकारी
जिला बार एसोसिएशन के सचिव श्री देबाशीष ज्योतिषी ने प्रतिभागियों को मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत गुड सामरिटन की भूमिका एवं कानूनी सुरक्षा के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि सड़क हादसों में घायल व्यक्तियों की सहायता करने वाले नागरिकों को कानून द्वारा पूर्ण संरक्षण प्राप्त है।
गिरफ्तार व्यक्ति के अधिकारों पर चर्चा
मुख्य एलएडीसी श्री दिलीप शॉ ने बताया कि किसी भी आरोपी के अधिकार उसकी गिरफ्तारी के क्षण से ही प्रारंभ हो जाते हैं। ऐसे में थाने में तैनात पीएलवी की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है, क्योंकि वे कानूनी सहायता सुनिश्चित कराने में वास्तविक सहयोगी की भूमिका निभाते हैं।
पीड़ित प्रतिकर, बाल विवाह निरोध व पुनर्वास की जानकारी
डीएलएसए के सचिव श्री तौसीफ मेराज ने पीड़ित प्रतिकर योजना, बाल विवाह निषेध, तथा कमजोर वर्गों की पहचान कर उनके पुनर्वास में पीएलवी की भूमिका पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि एएसएचए यूनिट को सूचनाएं भेजने तथा सामाजिक रूप से कमजोर लोगों को योजनाओं से जोड़ने में पीएलवी का योगदान अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि NALSA द्वारा बच्चों, महिलाओं और कमजोर वर्गों के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, जिनकी जानकारी प्रत्येक पीएलवी तक पहुँचाना समय की जरूरत है।
कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें उपस्थित सभी पीएलवी एवं अधिकारियों ने विधिक जागरूकता को जन-जन तक पहुँचाने के संकल्प को दोहराया।
