सांसद जोबा माझी ने जिलिंगगोड़ा पहुंच पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन को ढांढ़स बंधाया, पोते वीर सोरेन को दी श्रद्धांजलि
Rajnagar
राजनगर: जोबा माझी ने पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन के पोते वीर सोरेन के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। गुरुवार को सांसद राजनगर प्रखंड के जिलिंगगोड़ा स्थित उनके पैतृक गांव पहुंचीं और वीर सोरेन के अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

दोपहर करीब 12 बजे जैसे ही वीर सोरेन का पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, पूरे जिलिंगगोड़ा का माहौल गमगीन हो गया। परिजन और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। बड़ी संख्या में आसपास के गांवों से लोग पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते नजर आए।

सांसद जोबा माझी ने चम्पाई सोरेन से मुलाकात कर इस दुख की घड़ी में हिम्मत बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह अपूरणीय क्षति है और इस कठिन समय में पूरा क्षेत्र परिवार के साथ खड़ा है।
ग्रामीणों ने बताया कि वीर सोरेन मिलनसार स्वभाव के थे और गांव से उनका गहरा लगाव था। उनके असमय निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है।
अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पारिवारिक परंपराओं के अनुसार संपन्न की गई। मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
