श्रद्धा भाव के साथ पूजी गई माता अन्नपूर्णा एवं भगवान भोलेनाथ
Seraikela
सरायकेला। मां अन्नपूर्णा के वार्षिक पूजन उत्सव के अवसर पर सरायकेला सहित आसपास के विभिन्न मंदिरों एवं देवस्थानों में पूजा अर्चना का आयोजन किया गया। इस अवसर पर परंपरा अनुसार सरकारी स्तर से सरायकेला बस स्टैंड स्थित सरकारी पूजा मंडप में भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती स्वरूप मां अन्नपूर्णा की प्रतिमा स्थापित कर विधि विधान के साथ पूजा अर्चना की गई। जिसमें पुजारी पंडित गोपाल कृष्ण होता ने मंत्रोच्चार के बीच पूजा संपन्न कराई। इस दौरान भक्तों ने फल प्रसाद का चढ़ावा चढ़ाते हुए माता अन्नपूर्णा की आराधना की। संध्या आरती के समय सरायकेला अनुमंडल पदाधिकारी निवेदिता नियति ने उपस्थित होकर माता की आराधना की। और क्षेत्र के सुख शांति एवं समृद्धि कल्याण की मंगल कामना की।
इसी प्रकार सरायकेला के माजना घाट स्थित मां अन्नपूर्णा मंदिर में पूरे दिन भक्तों का तांता लगा रहा। सभी ने भोग प्रसाद का चढ़ावा चढ़ाते हुए माता अन्नपूर्णा की पूजा अर्चना की। और परिवार के खुशहाली की प्रार्थना की।
