सरायकेला में बड़ा हादसा टला, खेत में लगी आग से बाल-बाल बची बस
Seraikella
सरायकेला: नगर क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या–1 में मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। बिरसा चौक से आगे खेत में खड़ी एक बस अचानक लगी आग की चपेट में आने से बाल-बाल बच गई। जानकारी के अनुसार खेत में सूखे घास–फूस में अचानक आग लग गई। तेज हवा के कारण आग की लपटें तेजी से फैलते हुए बस की ओर बढ़ने लगीं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय समाजसेवी राकेश महंती के नेतृत्व में आसपास मौजूद युवकों ने साहस और तत्परता दिखाते हुए पेड़-पौधों की डालियों से आग को पीट-पीटकर फैलने से रोका। युवकों की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से आग बस तक पहुंचने से पहले ही काफी हद तक नियंत्रित कर ली गई।
इधर घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला पुलिस एवं अग्निशमन विभाग की दमकल वाहन मौके पर पहुंची और आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो बस पूरी तरह जलकर खाक हो सकती थी।
घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल रहा, हालांकि समय रहते की गई कार्रवाई से बड़ा नुकसान टल गया। स्थानीय लोगों ने युवकों की बहादुरी और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।
