महागामा को मिली स्वास्थ्य सेवा की ऐतिहासिक सौगात, मंत्री दीपिका पांडेय ने किया 50 बेड वाले अस्पताल का उद्घाटन
Godda
महागामा वासियों को अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधा की ऐतिहासिक सौगात मिली है। झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री और स्थानीय विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने 50 शैय्या वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सह रेफरल अस्पताल के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर और फीता काटकर किया।

इस भवन का निर्माण झारखंड भवन निर्माण विभाग द्वारा जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) मद से लगभग 24 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। अस्पताल में ICU, HDU, दो ऑपरेशन थिएटर, ब्लड बैंक, एक्स-रे, ईसीजी, डेंटल, नेत्र, त्वचा समेत सभी प्रमुख ओपीडी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त भवन में लिफ्ट, वातानुकूलन (AC), डॉक्टरों व मरीजों के लिए आवासीय सुविधा, विश्रामगृह जैसी व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।

उद्घाटन के पश्चात मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने अस्पताल भवन के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। मंच से संबोधित करते हुए वे पुराने, जर्जर भवन की स्थिति को याद कर भावुक हो गईं। उन्होंने कहा, “वर्षों तक मरीजों को फर्श पर इलाज कराना पड़ता था, लेकिन अब वह दौर समाप्त हो गया है।” उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि निकट भविष्य में महागामा में 100 शैय्या से बढ़ाकर 300 शैय्या वाले अस्पताल के निर्माण की दिशा में प्रयास तेज किए जाएंगे।
इस अवसर पर उपविकास आयुक्त दीपक दुबे, सिविल सर्जन डॉ. सुभाष शर्मा, चिकित्सा प्रभारी डॉ. खालिद अंजुम, बीडीओ सोनाराम हांसदा, सीओ डॉ. खगेन महतो, प्रमुख अफसाना बानो, जिला परिषद सदस्य नगमा आरा कांग्रेस प्रखंड सचिव ,प्रीतेश सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आमजन उपस्थित रहे।
मंत्री ने अपने संबोधन में कहा, “यह भवन केवल एक अस्पताल नहीं, बल्कि महागामा की स्वास्थ्य सुरक्षा की मजबूत नींव है। अब डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की जिम्मेदारी है कि वे इसे एक सच्चे सेवा केंद्र में तब्दील करें।”
