भटकी वृद्धा को मिला अपना परिवार; यूट्यूबर और स्थानीय मुखिया ने निभाई अहम भूमिका,
Seraikella
सरायकेला। खूंटी जिला से भटककर सरायकेला पहुंची 65 वर्षीय वृद्धा मद्रासी देवी को अंततः उनका अपना परिवार मिल गया। इस कार्य में सोशल मीडिया पर वायरल हुई खबर और स्थानीय ग्राम पंचायत मुखिया वीरेंद्र केराई के अथक प्रयास से यह संभव हो पाया। इस संबंध में सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचे वृद्धा के परिजनों ने बताया कि मद्रासी देवी को भूलने की आंशिक रूप से बीमारी है। और किसी भी एक जगह वह स्थाई रूप से नहीं रह पाती हैं। इसी क्रम में बीते गुरुवार को घर से निकल गई थी। जिसके बाद आसपास एवं रिश्तेदारों के यहां उनकी खोज की जा रही थी। इसी क्रम में सोशल मीडिया पर उनके सरायकेला सदर अस्पताल में होने की बात पता चली। इसके बाद उनको ससम्मान लेने के लिए पहुंचे हैं। स्थानीय मुखिया वीरेंद्र केराई ने बताया कि गांव वालों से सूचना मिली कि एक वृद्धा पारलपोसी गांव के पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय के समीप है। भटक कर पहुंची वह वृद्धा अपने बारे में कुछ भी नहीं बता पा रही है। इसके बाद स्थानीय थाना को सूचना देते हुए सदर अस्पताल प्रबंधन से बात कर उन्हें आवश्यक इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
