खरसावां में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत फुटबॉल
प्रतियोगिता में हरिभंजा को पराजित कर खरसावां बनी चैंपियन
नशा मुक्त समाज बनाएं और कानून को मजबूत करें-गौरव कुमार
kharsawan
सरायकेला खरसावां जिला पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देशानुसार खरसावां के अर्जुना स्टेडियम में सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम के तहत अफ़ीम की अवैध खेती की रोकथाम और जागरुकता पर एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस फुटबॉल प्रतियोगिता में खरसावां के विभिन्न क्षेत्र के टीमों ने भाग लिया। फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मैच में ट्राईब्रकर के तहत होपना स्पोटिंग क्लब हरिभंजा को 3-1 से पराजित कर दिकू स्पोटिंग क्लब खरसावां की टीम चैपिंयन बनी। इसके पहले फाइनल फुटबॉल मैच का शुभआरंभ खरसावां थाना प्रभारी गौरव कुमार, आमदा ओपी प्रभारी रामरेखा पासवान आदि ने खिलाडियों से परिचय प्राप्त कर किया।
साथ ही फुटबॉल प्रतियोगिता के विजेता टीम दिकू स्पोटिंग क्लब खरसावां एवं उपविजेता टीम होपना स्पोटिंग क्लब हरिभंजा को ट्रॉफी, जर्सी व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मौके पर श्री कुमार ने कहा कि अफीम की खेती व धंधा करने वाले समाज के लिए घातक हैं। अफीम की खेती करने वाले समाज को पीछे ठेलने का काम कर रहे हैं। इस धंधे में शामिल लोग कभी बख्शे नहीं जाएगे। इसकी खेती को बढ़ावा देने वाले लोग भी जेल जाएंगे। उन्होने कहा कि अफीम की खेती करने वालों पर 10 वर्ष की सजा और एक लाख का जुर्माना तथा कारोबार करने या आर्थिक सहायता प्रदान करने वालों पर 20 वर्ष की सजा और दो लाख का जुर्माने का प्रावधान है। कोई भी व्यक्ति यह कार्य को अगर करता है तो उसे एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा। पुलिस ने अपील की है कि नशा एवं मादक पदार्थ मुक्त समाज बनाएं और कानून के हाथ को मजबूत करें। वही श्री पासवान ने कहा कि ग्रामीणों को अफीम की अवैध खेती छोडकर वैकल्पिक खेती को अपनाने की अपील की। इस पर ग्रामीणों को अफीम के दुष्प्रभाव एवं संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। इस दौरान मुख्य रूप से खरसावां थाना प्रभारी गौरव कुमार, आमदा ओपी प्रभारी रामरेखा पासवान, डीएसए कोषाध्यक्ष पिनाकी रंजन, राजकीय प्लास टू उच्च विधालय खरसावां के प्राचार्य मंजू हेम्ब्रम, प्रशिक्षक बलराम महतो, संजय सुण्डी, दिकू हेम्ब्रम, होपना सोरेन, पोलुस नाग आदि उपस्थित थे।
