खरसावां: टीएमएच में ब्रेन ट्यूमर से पीड़ित युवक की मौत, सांसद कालीचरण मुंडा के प्रयास से 60 हजार रुपये का बिल माफ
Kharsawan
खरसावांः प्रखंड के कृष्णापुर पंचायत स्थित कोचा गांव के वरिष्ठ कांग्रेसी कार्यकर्ता सोमनाथ समाड़ के 21 वर्षीय पुत्र अविनाश समाड़ की ब्रेन ट्यूमर से मौत हो गई. अविनाश को उपचार के लिए 24 नवंबर 2025 को टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच ) में भर्ती कराया गया था। जहां शुक्रवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिजन अस्पताल बिल को लेकर चिंतित थे।

टीएमएच द्वारा लगभग 65,973 रुपये का बिल जारी किया गया था। जिसे परिजनों के लिए चुकाना मुश्किल हो रहा था। इस स्थिति की जानकारी मृतक के पिता सोमनाथ समाड़ ने खरसावां प्रखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिनिधि कोंदो कुम्भकार को दी। मामला सामने आते ही कोंदो कुम्भकार ने खूंटी लोकसभा के सांसद कालीचरण मुंडा को पूरी घटना की जानकारी दी। सांसद कालीचरण मुंडा ने तुरंत मामले को अपने संज्ञान में लेते हुए टीएमएच प्रबंधन से बात की और मानवीय आधार पर पूरे बिल को माफ कराने में सफलता पाई। लगभग 60 हजार रुपये का पूरा बिल माफ होने के बाद अस्पताल ने मृतक का शव उनके परिजनों को सौंप दिया। स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सांसद कालीचरण मुंडा के हस्तक्षेप को मानवीय पहल बताते हुए उनकी सराहना की। सोमनाथ समाड़ लंबे समय से कांग्रेस संगठन से जुड़े सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ता माने जाते हैं।
