खरसावां में महाशिवरात्रि पर पूर्व मुख्यमंत्री ने किया जलाभिषेक, क्षेत्र की सुख-शांति की कामना, महाशिवरात्रि का पर्व हमें सत्य, संयम और सेवा का संदेश देता है-अर्जुन मुंडा
Kharsawan
खरसावां मे महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा रविवार को खरसावां के विभिन्न शिवालयों में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

पूर्व मुख्यमंत्री सर्वप्रथम खरसावां के रामगढ़ स्थित शिव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। पूजा-अर्चना के दौरान श्री मुंडा ने राज्य और देश की उन्नति तथा समाज में आपसी सद्भाव बनाए रखने की प्रार्थना की। इसके उपरांत वे रामगढ़ एवं दितसाई में आयोजित राधा-कृष्ण संकीर्तन कार्यक्रम में शामिल हुए। संकीर्तन में भाग लेकर उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ भक्ति गीतों का आनंद लिया और आयोजन समिति की सराहना की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि का पर्व हमें सत्य, संयम और सेवा का संदेश देता है तथा भगवान शिव की कृपा सभी पर बनी रहे।महाशिवरात्रि को लेकर खरसावां के विभिन्न मंदिरों में विशेष सजावट, आकर्षक रोशनी एवं भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिससे पूरा क्षेत्र श्रद्धा और भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। इस दौरान मुख्य रूप से पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, उनकी पत्नी डॉक्टर मीरा मुंडा, पूर्व विधायक मंगल सिंह सोय, जिप सावित्री बानरा, पूर्व जिला अध्यक्ष विजय महतो, उदय सिंहदेव, सेवानिवृत शिक्षक हरिश्चंद्र आचार्य, जितवाहन मंडल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
