राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के तहत गिड्डीबेड़ा टोल प्लाज़ा के कांड्रा–चौका मार्ग पर चला ड्रंक एंड ड्राइव प्रवर्तन अभियान,
Seraikella
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के अंतर्गत आज दिनांक 11 जनवरी, 2026 को गिड्डीबेड़ा टोल प्लाज़ा, कांड्रा–चौका मार्ग पर ड्रंक एंड ड्राइव प्रवर्तन अभियान संचालित किया गया। यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।

अभियान के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी श्री गिरिजा शंकर महतो, मोटरयान निरीक्षक तथा रोड सेफ्टी टीम की उपस्थिति में सघन वाहन जांच की गई। ब्रेथ एनालाइज़र के माध्यम से वाहन चालकों की अल्कोहल जांच की गई एवं नशे की अवस्था में वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत विधिसम्मत कार्रवाई की गई।
जांच के क्रम में वाहन चालकों को नशे में वाहन न चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करने तथा सभी यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने हेतु जागरूक किया गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा यह स्पष्ट किया गया कि सड़क सुरक्षा को लेकर इस प्रकार के प्रवर्तन एवं जागरूकता अभियान आगे भी नियमित रूप से संचालित किए जाएंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके तथा आम नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
