मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पहुंचे जिलिंगगोड़ा, वीर सोरेन की अंत्येष्टि में हुए शामिल
Rajnagar
सरायकेला-खरसावां: जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत जिलिंगगोड़ा गांव में उस समय शोक की लहर और गहरी हो गई, जब झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अंत्येष्टि कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन के पौत्र वीर सोरेन को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और इस दुख की घड़ी में हिम्मत बनाए रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि वीर सोरेन का असमय निधन न केवल परिवार, बल्कि पूरे राज्य के लिए क्षति है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

अंत्येष्टि कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। जैसे ही मुख्यमंत्री गांव पहुंचे, प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही।

ग्रामीणों ने बताया कि वीर सोरेन के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। अंतिम संस्कार पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ।
