दो दिवसीय चंपाई कप फुटबॉल चैंपियनशिप-2025 के 40 प्लस का विजेता बना बीर बुरु पगला हाथी,
Seraikella
सरायकेला। सरायकेला टाइगर के तत्वाधान प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली प्रसिद्ध फुटबॉल का महाकुंभ दो दिवसीय चंपाई कप फुटबॉल चैंपियनशिप-2025 का रविवार को रंगारंग समापन किया गया। बिरसा मुंडा स्टेडियम सरायकेला में आयोजित किया जा रहे उक्त चैंपियनशिप के समापन दिवस पर 40 प्लस फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें 40 वर्ष के ऊपर आयु वर्ग के खिलाड़ियों की टीमों ने जोरदार प्रदर्शन किया। खेले गए फाइनल मैच में बीर बुरु पगला हाथी चैंपियन रहा। जबकि एंजल एंड सोफिया स्पा सरायकेला उपविजेता बना। इसी प्रकार व्हाइट डेविल्स चैंपियनशिप के तीसरे, 299 एसी ब्लैक चौथे, नाइन स्टार लीजेंड करनडीह पांचवें और किलर मैन बुरुडीह छठवें स्थान पर रहा।

इसके अलावा हांसदा स्टार जमशेदपुर एवं ओल्ड इस गोल्ड रांची अपने-अपने ग्रुप में विनर और रनर रहे। सुनील सरदार मैन ऑफ़ द सीरीज एवं बबलू मानकी बेस्ट गोलकीपर, गोपी सोय मैन ऑफ़ द मैच शाहिद 40 प्लस के बेस्ट प्लेयर हेमंत कश्चप एवं मिस्टर बाबू पाड़ेया और बेस्ट गोलकीपर दीपक मोहंती को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया। चैंपियनशिप की अध्यक्षता करते हुए जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम गागराई ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को आकर्षक पुरस्कारों से सम्मानित किया। मौके पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे अविनाश सोरेन, भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजा सिंहदेव, समाजसेवी जलेश कवि, पूर्व प्रखंड उप प्रमुख गोपीनाथ गागराई, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष मनोज महतो, मंगल सिंह कांडायबुरु एवं सुदाम हाईबुरु द्वारा विजेताओं को सम्मानित किया गया।
मौके पर अपने संबोधन में जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि खेल झारखंड की संस्कृति से जुड़ा हुआ है।

जिसने विश्व पटल पर कई होनहार खिलाड़ी दिए हैं। चंपाई कप चैंपियनशिप को और बेहतर बनाने के लिए प्रयास किया जाएगा। विशिष्ट अतिथि अविनाश सोरेन ने आयोजन को क्षेत्र के खेल के लिए प्रेरणादाई बताया। राजा सिंहदेव ने खेल के विकास के लिए जिला परिषद अध्यक्ष द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए आयोजन को क्षेत्र में खेल के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण बताया। समाजसेवी जलेश कवि ने अपने संबोधन में कहा कि चंपाई कप फुटबॉल चैंपियनशिप सभी आयु वर्गों को समान अवसर और मंच प्रदान कर रहा है। इसके लिए सभी खेल प्रेमियों को आगे आकर इसके उत्थान का प्रयास सामूहिक रूप से किया जाना चाहिए। रंगारंग आतिशबाजी के बीच चैंपियनशिप का समापन किया गया। इस अवसर पर स्टेडियम फुटबॉल प्रेमियों से भरा रहा।
