नीमडीह के डाढूबेड़ा मे अवैध शराब के विरुद्ध पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 94 बोतलें जब्त, एक गिरफ्तार
Seraikella
सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत डाढूबेड़ा गांव के टोला-बनकट्टी में पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। यह छापेमारी 23 जुलाई 2025 को पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई थी।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में एक राशन दुकान के माध्यम से अन्य राज्यों में बिक्री के लिए अधिकृत शराब की अवैध तरीके से बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद नीमडीह थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी के नेतृत्व में एक टीम ने दुकान पर छापा मारा, जहां से कुल 94 बोतलें शराब बरामद की गईं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमरेंद्र सिंह सरदार (उम्र लगभग 34 वर्ष), पिता स्व. सुफल सिंह सरदार, निवासी डाढूबेड़ा, टोला-बनकट्टी के रूप में की गई है। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और भारतीय दंड संहिता की धारा 274/275 तथा उत्पाद अधिनियम की धारा 47(a) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
छापेमारी दल में सब-इंस्पेक्टर हरेंद्र कुमार पाठक, एएसआई मो. मोकलसुर रहमान, एएसआई नेपाल चंद्र महतो एवं थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
