होली से पहले चांडिल क्षेत्र में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, तीन अवैध चुलाई अड्डे ध्वस्त
Chandil
चांडिल: आगामी होली पर्व 2026 को लेकर विधि-व्यवस्था बनाए रखने एवं अवैध मद्य निर्माण व बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से उत्पाद विभाग ने विशेष छापामारी अभियान चलाया।

उपायुक्त सरायकेला-खरसावां के निर्देश पर अधीक्षक उत्पाद के नेतृत्व में 2 मार्च 2026 को चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चिल्गु के समीप चाकुलिया एवं भदौड़ीह गांव में कार्रवाई की गई।
छापामारी के दौरान कुल तीन अवैध चुलाई अड्डों को ध्वस्त किया गया। मौके से लगभग 500 किलोग्राम जावा महुआ को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत नष्ट किया गया, जबकि 35 लीटर महुआ शराब बरामद कर जब्त की गई।
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि होली जैसे त्योहारों के दौरान अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

बरामदगी के बाद संबंधित अभियुक्तों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
