जगन्नाथपुर आजीविका महिला संकुल संगठन स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड का वार्षिक आमसभा आयोजित, सांसद ने महिला समूह के कार्यों की प्रशंसा की, एकल महिलाओं को समूह से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाये : जोबा माझी
Jagannathpur
जगन्नाथपुर: महिला केवल अपने परिवार ही नहीं बल्कि समाज को भी आगे बढ़ाने का कार्य करती है। महिला जितना शिक्षित और आत्मनिर्भर होगी समाज उतना तेजी से आगे बढ़ेगा। यह बातें सिंहभूम की सांसद जोबा माझी ने कही। सांसद बुधवार को जगन्नाथपुर ब्लॉक मैदान में जगन्नाथपुर आजीविका महिला संकुल संगठन स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड के वार्षिक आमसभा में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रही थी।

सांसद ने कहा महिलाओं को आगे बढ़ाने और स्वावलंबी बनाने के लिए सरकारी स्तर पर कई योजनाएं संचालित है। बैंक से लोन समेत अन्य सुविधाएं भी मुहैया कराया जा रहा है। उन्होंने सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।

साथ ही सांसद ने सदस्यों से एकल महिलाओं को समहू से जोड़कर सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की अपील की। सांसद ने अपने अनुभव साझा करते है बताया कि राजनीति में आने से पहले वह स्वयं सब्जी बेचने का काम करती थी। उन्होंने कम उम्र में बेटियों का विवाह नहीं करने और डायन जैसी मुद्दे पर समाज को जागरूक करने को कहा।

आमसभा को विशिष्ट अतिथि जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन ने भी संबोधित किया। इस मौके पर सांसद समेत अन्य अतिथियों के हाथों सर्वश्रेष्ठ मोगरा पंचायत के उज्ज्वल समूह, जगन्नाथपुर के जीवन रक्षा महिला समूह, तोटांगहातु के मां दुर्गा महिला मंडल एवं मालुका के दिशुम मार्सल महिला मंडल को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान समूह की सदस्यों ने नुक्कड़ नाटक एवं जागरूकता कार्यक्रम प्रस्तुत किये। इससे पूर्व समूह की सदस्यों ने सांसद व अन्य का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। आमसभा कार्यक्रम में मुखिया सुष्मिता सिंकू, जॉन भुंइया, उप मुखिया ज्योति सिंकू, बीपीएम देवव्रत सिन्हा, सीसी चंद्रशेखर महतो, अध्यक्ष विनीता सिंकू, सचिव सुनीता गोप, मैनेजर मरीना हेम्ब्रम, अर्चना गोप, सुचित्रा गोप, रंजीता देवी, सरस्वती देवी, रानी, पूनम, चांदमनी समेत सैकड़ों सदस्य उपस्थित रहे।
