सरायकेला छऊ नृत्य कला केंद्र में एक महत्वपूर्ण बैठक,, आगामी चैत्र पर्व पर इस वर्ष भव्य आयोजन करने निर्णय,
Seraikella
सरायकेला।अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में सरायकेला छऊ नृत्य कला केंद्र में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी चैत्र पर्व के अवसर पर इस वर्ष भव्य आयोजन करने का सर्वसम्मत निर्णय लिया गया। बैठक में छऊ नृत्य से जुड़े कलाकारों, कला प्रेमियों एवं प्रशासनिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया और आयोजन को और अधिक व्यापक व प्रभावशाली बनाने पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में तय किया गया कि भव्य समारोह में स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी जाएगी। कार्यक्रम में भाग लेने वाले स्थानीय कलाकारों को प्रशस्ति पत्र के साथ सम्मानजनक राशि का भुगतान किया जाएगा। इसके अलावा मुखौटा एवं नृत्य प्रतियोगिता, कला-संस्कृति पर आधारित सेमिनार तथा क्षेत्र एवं झारखंड की समृद्ध कला-संस्कृति पर आधारित प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। शास्त्रीय संगीत से जुड़े नामचीन कलाकारों की प्रस्तुति भी महोत्सव का आकर्षण होगी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि वृहद स्तर पर विशाल विकास मेला आयोजित किया जाएगा, जिसमें स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पाद, रायजामा की प्रसिद्ध हल्दी तथा कुचाई सिल्क जैसे स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही व्यावसायिक स्टॉलों की बंदोबस्ती कर विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे, ताकि सरकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार हो सके। महोत्सव के उपलक्ष्य में प्रकाशित होने वाली पत्रिका के लिए प्रारूप समिति के गठन का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में उपस्थित कलाकारों ने समय रहते तैयारी को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी का आभार जताया। कलाकारों ने कहा कि निरंतर प्रयासों से कला और कलाकारों का उत्थान हो रहा है। बैठक में राजकीय छऊ नृत्य कला केंद्र की प्रभारी निदेशक यस्मिता सिंह, समन्वयक सुदीप कवि, आर्टिस्ट एसोसिएशन के संरक्षक मनोज कुमार चौधरी, भोला मोहंती, स्थायी सदस्य सुशांत महापात्र, नाथू महतो, विजय कुमार साहू, तरुण कुमार भोल, मनोरंजन साहू, आशीष कुमार कर, बाउरी बंधु महतो सहित कई कलाकार उपस्थित थे।
