आदित्यपुर नगर निगम चुनाव: शकुंतला माहाली ने नाम वापस लिया, डब्बा सोरेन को दिया समर्थन,
Seraikella
सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर नगर निगम चुनाव में शुक्रवार को एक अहम राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला। नगर निकाय चुनाव की उम्मीदवार शकुंतला माहाली ने अपना नामांकन वापस लेते हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) समर्थित उम्मीदवार डब्बा सोरेन उर्फ भुगुलू सोरेन को अपना समर्थन देने की घोषणा की।
इस संबंध में सरायकेला स्थित हरिहर मॉल में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में शकुंतला माहाली, उनके पति गणेश माहाली एवं पार्टी के जिला अध्यक्ष शिवेंदू महतो ने संयुक्त रूप से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कुछ तकनीकी कारणों से पार्टी द्वारा पहले शकुंतला माहाली और डब्बा सोरेन—दोनों का नाम निर्देशन पत्र भरवाया गया था।
पार्टी के निर्देशानुसार अब शकुंतला माहाली ने अपना नामांकन वापस ले लिया है और आधिकारिक रूप से डब्बा सोरेन को समर्थन देने का निर्णय लिया है।
इस मौके पर गणेश माहाली ने कहा कि वे तन-मन-धन से पार्टी समर्थित उम्मीदवार डब्बा सोरेन की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी एकजुट होकर चुनाव अभियान में जुटने की अपील की।
इस फैसले के बाद आदित्यपुर नगर निगम चुनाव में झामुमो की स्थिति और मजबूत होने की चर्चा स्थानीय राजनीतिक गलियारों में तेज हो गई है।
