आदित्यपुर एनआईटी कैंपस परिसर स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में तीन दिवसीय टीचर्स कैपेसिटी बिल्डिंग कार्यक्रम शुरू,
Seraikella
सरायकेला। आदित्यपुर एनआईटी कैंपस परिसर स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में शनिवार से तीन दिवसीय टीचर्स कैपेसिटी बिल्डिंग कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों की शैक्षणिक दक्षता, नवाचार क्षमता और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों को और अधिक मजबूत करना है।
इस कार्यक्रम में कुल छह डीएवी विद्यालयों के लगभग 185 शिक्षक-शिक्षिकाएं भाग ले रहे हैं। आयोजन को दो ग्रुप में विभाजित किया गया है, ताकि सभी विषयों के शिक्षकों को उनकी आवश्यकता के अनुसार प्रशिक्षण दिया जा सके। पहले ग्रुप में हिंदी, संस्कृत, अंग्रेजी, गणित, सामाजिक विज्ञान, कॉमर्स एवं कंप्यूटर साइंस,ईईडीपी के शिक्षक शामिल किए गए हैं। वहीं दूसरे ग्रुप में म्यूजिक, फाइन आर्ट, फिजिकल एजुकेशन एवं लाइब्रेरी से जुड़े शिक्षक-शिक्षिकाओं को रखा गया है।
कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार प्रतिदिन दो-दो घंटे के कुल तीन सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में विषय आधारित शिक्षण तकनीक, डिजिटल टूल्स का प्रयोग, छात्र-केंद्रित शिक्षण पद्धति, मूल्यांकन प्रणाली और कक्षा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा इंटरएक्टिव सेशन के माध्यम से शिक्षकों को व्यावहारिक जानकारी भी दी जाएगी।डीएवी एनआईटी की प्राचार्या रेखा कुमारी ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ शनिवार 3 जनवरी को प्रातः 9 बजे किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बदलते शैक्षणिक परिदृश्य में शिक्षकों का सतत प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है। इस तरह के कैपेसिटी बिल्डिंग कार्यक्रम शिक्षकों को नई सोच, नवाचार और आत्मविश्वास प्रदान करते हैं, जिसका सीधा लाभ विद्यार्थियों को मिलता है।
