खरसावां के वरिष्ठ छऊ कलाकार जितेन घोडाई
के निधन पर शोक सभा, कलाकारों ने दी श्रद्धांजलि, श्री घोडाई
का निधन छऊ जगत के लिए अपूरणीय क्षति है-मो दिलदार
Kharsawan
खरसावां के वरिष्ठ छऊ कलाकार स्वर्गीय जितेन घोडाई (56) के निधन पर मंगलवार को खरसावां छऊ नृत्य कला केंद्र में शोक सभा का आयोजन किया गया। छऊ गुरु मो. दिलदार के नेतृत्व में कलाकारों ने उनके चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान कलाकारो ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन धारण कर ईश्वर से प्रार्थना किया। शोक सभा में श्री दिलदार ने कहा कि खरसावां छऊ शैली को पहचान दिलाने में स्वर्गीय जितेन घोडाई का अतुलनीय योगदान रहा है। उनका निधन छऊ जगत के लिए अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।

कलाकारों ने उनके कला-साधना और समर्पण को स्मरण करते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। बताया गया कि 24 जनवरी 2026 को खरसावां के गौडपुर मैदान में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर आयोजित नेताजी फुटबॉल प्रतियोगिता में भाग लेने के बाद घर लौटते समय वे बाइक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके बाद उनका इलाज रांची स्थित रिम्स में चल रहा था। उपचार के दौरान विगत 7 फरवरी की रात करीब 12 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। स्वर्गीय जितेन घोडाई अपने पीछे दो पुत्र और तीन पुत्रियां छोड़ गए हैं। उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। इस श्रद्वाजंलि सभा में मुख्य रूप से छऊ गुरु मो. दिलदार, बंसत गणतायत, छऊ गुरु परमानंद नदा, गुरु कमल साहु, मो0 रमजान, पिनाकी रंजन, नित्य शंकर नंदा, लखिदर नायक, बुलबुल नायक, सुदीप घोडाई, समीर नायक, मो0 रमजान, ऐजल केशरी, मुकेश घोडाई, सुरज हेम्ब्रम, सुमन रविदास, चांदनी हेंब्रम, बिंदिया हेंब्रम, मनिंदर घोडाई, दयाल लेट, सुशील षाडगी, मुकेश घोडाई, नयन नायक आदि कलाकार शामिल थे।
