विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) VB-G RAM G चाईबासा के जिला सम्मेलन बोले पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि इससे गांव-राष्ट्र होगा मजबूत,
Chaibasa
विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन की गारंटी (वीबी जी राम जी) को लेकर चाईबासा में जिला स्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन के मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा रहे। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों की बड़ी भागीदारी रही।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए अर्जुन मुंडा ने कहा कि वीबी जी राम जी मिशन आम जनता को रोजगार और आजीविका के वास्तविक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लाया गया नया कानून है। इस मिशन का मूल लक्ष्य गांवों को सशक्त बनाना और योजनाओं में व्याप्त भ्रष्टाचार पर प्रभावी रोक लगाना है।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में जवाहर रोजगार जैसी कई योजनाएं शुरू की गईं, लेकिन उनका लाभ जरूरतमंदों तक नहीं पहुंच सका। न तो सामाजिक आडिट कराया गया और न ही पारदर्शिता बरती गई, जिसके कारण योजनाओं में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ।

अर्जुन मुंडा ने आरोप लगाया कि मजदूरों के जाब कार्ड का दुरुपयोग कर मशीनों से काम कराया गया और फर्जी निकासी होती रही। कई बार यह तक पता नहीं चलता था कि किसका जाब कार्ड कहां इस्तेमाल हो रहा है। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था के तहत ऐसी सभी गड़बड़ियों पर पूरी तरह रोक लगेगी।

्उन्होंने कहा, जब गांव मजबूत होगा, तभी राज्य मजबूत होगा और जब राज्य मजबूत होगा, तभी राष्ट्र मजबूत बनेगा।वीबी जी राम जी मिशन गांव के विकास के साथ-साथ भ्रष्टाचार समाप्त करने की दिशा में एक ठोस कदम है।
चाईबासा लोकसभा क्षेत्र को लेकर अर्जुन मुंडा ने कहा कि क्षेत्र की जनता अब अपने फैसले पर पछता रही है और आने वाले समय में चाईबासा लोकसभा में फिर से भाजपा का परचम लहराएगा।
इस दौरान पूर्व सांसद श्रीमती गीता कोड़ा जी, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री बड़कुंवर गागराई जी, जिलाध्यक्ष श्रीमती गीता बलमुचू जी, प्रदेश के पूर्व प्रवक्ता श्री जे.बी.तुबिद जी समेत कई कई वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
