चाईबासा में सड़क सुरक्षा को लेकर उपायुक्त ने दिए निर्देश, ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करने का निर्देश
Chaibasa चाईबासा के उपायुक्त चंदन कुमार ने सड़क सुरक्षा को लेकर जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
उपायुक्त ने सड़क सुरक्षा उपकरण विशेषकर हेलमेट के उपयोग को लेकर पूरे जिले में जागरूकता कार्यक्रम चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने बिना हेलमेट के दो पहिया वाहन चलाने वाले चालकों का लघु अवधि के लिए वाहन जब्त कर काउंसलिंग करने का भी निर्देश दिया।
इसके अलावा उपायुक्त ने जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में लगने वाली हाट के दिन ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने सड़कों का अनाधिकृत कब्जा करने वालों पर भी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि नगर परिषद और प्रखंड स्तर पर सड़क दुर्घटना का कारण बन रहे आवारा पशुओं के लिए स्थानीय स्तर पर कांजी हाउस बनाने का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। साथ ही बंदगांव के घाटी क्षेत्र में दुर्घटना पीड़ित व्यक्ति को त्वरित चिकित्सीय सेवा उपलब्ध कराने के लिए टेबो थाना समीप स्थित स्वास्थ्य केंद्र को ट्रामा सेंटर के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया।
