धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों में शिविरों का आयोजन
Seraikella Kharsawan जनजातीय समुदायों के समग्र विकास एवं कल्याण सुनिश्चित करने हेतु “धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान” के अंतर्गत आज जिले के विभिन्न प्रखंडों में जागरूकता सह लाभ संतृप्ति शिविरों का आयोजन किया गया।
यह अभियान 15 से 30 जून, 2025 तक अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के निर्देशानुसार संचालित किया जा रहा है,जिसका मुख्य उद्देश्य दुर्गम क्षेत्रों में निवासरत जनजातीय आबादी को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ना एवं सेवा-संतृप्ति सुनिश्चित करना है।
उपायुक्त श्री नितीश कुमार सिंह के मार्गदर्शन में जिले के सभी प्रखंडों में योजनाबद्ध रूप से शिविरों का संचालन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज जिले के नौ पंचायतों में शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया,विभिन्न विभागों के स्टॉलों का भ्रमण कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा अपनी पात्रता के अनुसार योजनाओं के लाभ हेतु आवेदन भी किया।
शिविर के माध्यम से पीएम जनमन, मनरेगा,वन धन योजना,राशन कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड,जनधन योजना, पीएम विश्वकर्मा,जल जीवन मिशन एवं विभिन्न पेंशन योजनाओं सहित अनेक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही योजनाओं के लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी साझा की गई और पात्र लाभुकों से आवेदन प्राप्त किए गए।
इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत चयनित लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया गया। साथ ही उपस्थित ग्रामीणों से अपील की गई कि वे अपने आसपास के लोगों को भी सरकारी योजनाओं के लाभ लेने हेतु प्रेरित करें।
यह अभियान जनजातीय समुदायों के सशक्तिकरण की दिशा में जिला प्रशासन की एक महत्वपूर्ण पहल है।
