नगर निकाय चुनाव को लेकर पुलिस अधीक्षक ने की समीक्षा बैठक, मतदान केंद्रों व चेकपोस्ट का किया निरीक्षण
Seraikella
सरायकेला-खरसावां जिले मे आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर जिले में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की तैयारी तेज कर दी गई है। इसी क्रम में शुक्रवार को सरायकेला खरसावां जिला पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने कपाली ओपी, आदित्यपुर एवं आरआईटी थाना के पदाधिकारियों के साथ संबंधित थानों में बैठक कर चुनाव के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक ने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की विशेष निगरानी, गश्ती बढ़ाने, असामाजिक तत्वों पर नजर रखने तथा अवैध गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है।

बैठक के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न मतदान केंद्रों एवं चेकपोस्ट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी, बैरिकेडिंग एवं तैनाती व्यवस्था की समीक्षा की गई तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि चुनाव के दौरान अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि जिले में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखा जाये।
