नगर निकाय चुनाव में रिकॉर्ड मतदान, सरायकेला नगर पंचायत 74.86% के साथ सबसे आगे
Seraikella
सरायकेला-खरसावां। नगरपालिका आम निर्वाचन-2026 के तहत सोमवार को जिले के तीनों नगर निकाय क्षेत्रों में मतदान शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। शाम 05:00 बजे तक जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार इस बार मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।
सूचना भवन, सरायकेला खरसावां के मीडिया कोषांग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक शाम 05 बजे तक सर्वाधिक 74.86 प्रतिशत मतदान नगर पंचायत, सरायकेला में दर्ज किया गया।

05:00 बजे तक मतदान प्रतिशत इस प्रकार रहा –
▪️ नगर निगम आदित्यपुर – 56.06%
▪️ नगर पंचायत, सरायकेला – 74.86%
▪️ नगर परिषद, कपाली – 57.38%
नगर पंचायत सरायकेला में सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं, जिसमें महिला एवं युवा मतदाताओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही। वहीं नगर निगम आदित्यपुर और नगर परिषद कपाली में भी दिनभर मतदान केंद्रों पर रौनक बनी रही।

प्रशासन की ओर से सभी बूथों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती के बीच मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

अधिकारियों ने मतदाताओं के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में लोगों की सक्रिय भागीदारी स्थानीय निकायों को सशक्त बनाएगी। अब सभी की नजरें मतगणना और चुनाव परिणाम पर टिकी हैं।
