चांडिल में विजय तिर्की हत्याकांड का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार
Chandil
चांडिल थाना क्षेत्र के हरदरीह गांव में 24 दिसंबर 2025 को हुई विजय तिर्की की गोली मारकर हत्या मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला चांडिल थाना कांड संख्या–199/25, दिनांक 25.12.2025 के तहत दर्ज किया गया था। मृतक की पत्नी के लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने मानवीय सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए शाहिद खान उर्फ शहजादा (27 वर्ष), विवेक कुमार मन्ना उर्फ विक्की (24 वर्ष), राहुल राव (26 वर्ष) तथा मनीष कुमार ठाकुर उर्फ लिंगर (करीब 21 वर्ष) को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल एक अन्य आरोपी बंटी सरकार ने मानगो ओपी थाना कांड संख्या–264/24 में आत्मसमर्पण कर न्यायिक अभिरक्षा में है। शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
इस कांड में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 103(1), 61(2), 118(2), 3(5) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
छापेमारी दल में शामिल अधिकारी:
थाना प्रभारी चांडिल जालेंस बिरुआ, थाना प्रभारी चौका सोनू कुमार, थाना प्रभारी नीमडीह संतोष तिवारी, ओपी प्रभारी कपाली धीरंजन कुमार, रंजीत कुमार सिंह (कपाली ओपी), कमल यादव, अमित कुमार सहित चांडिल थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है और शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया गया है।
