खरसावां के प्रधानडीह के जंगल में अवैध शराब भट्ठी को पुलिस ने किया ध्वस्त, 250 किलो जावा महुआ नष्ट,
Kharsawan
खरसावां थाना क्षेत्र अंतर्गत रीडिंग पंचायत के प्रधानडीह गांव से सटे जंगल में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 250 किलोग्राम जावा महुआ एवं संचालित अवैध शराब भट्ठी को विनष्ट कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार को खरसावां थाना प्रभारी गौरव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर प्रधानडीह गांव से सटे जंगल स्थित सुरु नाला के किनारे छापामारी अभियान चलाया।

पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही अवैध शराब निर्माण में लगे संचालक एवं अन्य लोग मौके से फरार हो गए। छापामारी के दौरान मौके पर भारी मात्रा में जावा महुआ बरामद किया गया, जिसे वहीं नष्ट कर दिया गया। साथ ही अवैध शराब बनाने में प्रयुक्त उपकरणों एवं भट्ठी को भी ध्वस्त कर दिया गया। खरसावां थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस पहल का स्वागत किया है और क्षेत्र में नियमित निगरानी की मांग की है।
