सरायकेला टाटा मुख्य मार्ग के रामकृष्ण फोर्जिंग के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से एक की मौत, एक जख्मी,
Seraikella
सरायकेला। सरायकेला–टाटा मुख्य मार्ग पर स्थित रामकृष्ण फोर्जिंग कंपनी के पास गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार 19 वर्षीय राकेश सोरेन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक पर पीछे बैठे 20 वर्षीय अमित दास गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। मृतक राकेश सोरेन कोलेबिरा तिरुलडही का निवासी था, जबकि घायल अमित दास सालडीह में रहता है।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक गुरुवार की शाम एक ही बाइक से बालिगुमा स्थित अपने दोस्त के घर गए थे। लौटने के क्रम में जैसे ही वे रामकृष्ण फोर्जिंग कंपनी के पास पहुंचे, एक तेज रफ्तार टेलर की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि राकेश ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अमित गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घटना की सूचना सरायकेला पुलिस और एंबुलेंस को दी। कुछ ही देर में दोनों को सरायकेला सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने राकेश सोरेन को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल अमित दास का इलाज अस्पताल में जारी है। हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
