*नववर्ष पूर्व अवैध मदिरा विरुद्ध अभियान के तहत विदेशी शराब विनिर्माण केंद्र का उद्भेदन,
Gamharia
आसन्न नववर्ष के मद्देनज़र उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह के आदेश के आलोक में तथा अधीक्षक, उत्पाद श्री सौरभ कुमार तिवारी के निर्देशन में जिले में अवैध मदिरा के विनिर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर आज गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत गंजिया बैराज के समीप ज्योति भट्ठा के पास स्थित जंगली एवं वीरान क्षेत्र में बने एक अस्थायी ढांचे पर त्वरित छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान स्थल पर संचालित अवैध विदेशी शराब विनिर्माण केंद्र का उद्भेदन किया गया। मौके से विदेशी शराब निर्माण एवं पैकेजिंग में प्रयुक्त भारी मात्रा में सामग्री बरामद की गई, जिनमें स्पिरिट, तैयार तरल रंगीन शराब, विभिन्न ब्रांडों की खाली बोतलें, ढक्कन, बोतल सील करने हेतु कॉर्क, नकली लेबल, आसंजक पदार्थ तथा शराब को रंग एवं स्वाद देने में प्रयुक्त कैरामेल शामिल हैं। इसके अतिरिक्त मैकडॉवेल, रॉयल स्टैग, स्टर्लिंग रिज़र्व, रॉयल चैलेंज, आइकॉनिक आदि ब्रांडों की बोतलबंद शराब भी पेटियों में पाई गई।

कार्रवाई में कुल 200 लीटर स्पिरिट, लगभग 50 लीटर अवैध विदेशी शराब एवं 2 लीटर कैरामेल जब्त किया गया। साथ ही बड़ी मात्रा में खाली बोतलें, ढक्कन, लेबल एवं कॉर्क भी बरामद किए गए।

अवैध विदेशी शराब विनिर्माण में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान एवं गिरफ्तारी हेतु आगे की कार्रवाई जारी है। इस संबंध में उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किए जा रहे हैं।
छापेमारी दल में सम्मिलित अधिकारी
उत्पाद विभाग, सरायकेला–खरसावाँ
अवर निरीक्षक अखिलेश कुमार एवं प्रतिनियुक्त जवान
उत्पाद विभाग, पूर्वी सिंहभूम
निरीक्षक प्रेम प्रकाश उरांव
उप निरीक्षक रामदास भगत
अवर निरीक्षक ओम प्रकाश
अवर निरीक्षक रामदेव पासवान
गम्हरिया थाना
थाना प्रभारी रामचन्द्र रजक अपने दल-बल सहित
