खरसावां के बडाबाम्बो के कोतवाल साई मेला से लौट रहे युवक की सड़क दुर्घटना में मौत, पुलिस जांच में जुटी
Kharsawan
खरसावां प्रखंड अंतर्गत आमदा ओपी क्षेत्र में गुरुवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। घटना छोटाबाम्बो के समीप की है, जहां कोतवाल साई मेला देखकर घर लौट रहे एक युवक की बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। मृतक की पहचान पोटोबेडा निवासी अमरजीत महतो (25 वर्ष), पिता युधिष्ठिर महतो के रूप में की गई है।

जानकारी के अनुसार अमरजीत महतो गुरुवार की सुबह खरसावां के कोतवाल साई मेला में मुर्गा लड़ाई में भाग लेने गया था। जीत हासिल करने के बाद वह शाम करीब 6:30 बजे अपनी बाइक से बड़ाबाम्बो–आमदा मुख्य मार्ग होते हुए पोटोबेडा स्थित अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान छोटाबाम्बो के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई, जिससे अमरजीत गंभीर रूप से घायल हो गया और सड़क किनारे गिर पड़ा।

उसी समय मार्ग से गुजर रहे वरिष्ठ कांग्रेसी नेता जगबंधु महतो एवं छोटाबाम्बो निवासी कुमार सानू महतो ने घायल युवक को उठाकर निजी नर्सिंग होम पहुंचाया।

बताया जा रहा है कि इलाज में देरी एवं अत्यधिक रक्तस्राव के कारण युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही खरसावां एवं आमदा पुलिस नर्सिंग होम पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
