गम्हरिया में डायन बताकर एक महिला से मारपीट का मामला, आरोपियों ने डायन कहकर न केवल अपमानित किया, बल्कि जान से मारने की दी धमकी,
Seraikella
सरायकेला। जिले के छोटा गम्हरिया में डायन बताकर एक महिला से मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता शीला महतो ने परिवार परामर्श केंद्र में शिकायत दर्ज कराते हुए पड़ोसियों पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। उनके अनुसार, 15 नवंबर को माया महतो, मंजू महतो, दिनेश महतो और महादेव महतो जबरन घर में घुस गए और लोहे के औज़ार से बुरी तरह पिटाई की।
पीड़िता ने बताया कि आरोपियों ने उन्हें डायन कहकर न केवल अपमानित किया, बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि घटना के बाद से आरोपी लगातार घर आकर धमकियाँ दे रहे हैं, जिससे परिवार भयग्रस्त है।
मंगलवार को शीला महतो सुरक्षा की मांग लेकर परिवार परामर्श केंद्र कोलाबीरा पहुँचीं, जहाँ उन्होंने पद्मश्री एवं केंद्र की संचालिका छुटनी महतो से मुलाकात की। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
